हे राम! दीप सी रहे साधना मेरी

!! कविता !!
आ रहे राम, सज गई अयोध्या सारी,
है शुभागमन की मंगलमय तैयारी,
जब सूर्य वंश का सूर्य लौटकर आए,
नभ का न कहीं तब सूर्य मलिन हो जाए,
इसलिए नियति ने समय रात्रि का चुनकर,
यूँ छुपा दिए आकाश बीच में दिनकर ,
सम्मुख न चाँद की छटा लगे कुछ काली
तो चुनी गई थी रात अमावस वाली,
इस तरह स्वयं की संचित कीर्ति बचाकर,
शशि चले गए, रघुवर को शीश झुकाकर
सर्वस्व मगर जो खोकर फिर पाते हैं,
वो लोग देवताओं से लड़ जाते हैं ,
तब नहीं मांगता कोई कहीं सहारे,
विधि के सारे ही नियम प्रेम से हारे ,
आलोक कभी जब नहीं गगन से पाया
धरती ने तब-तब अपना दीप जलाया,
जल उठे दीप नगरी में द्वारे-द्वारे,
जल उठे दीप सरयू के पुण्य किनारे
जल उठे दीप हर घर में ,हर आँगन में,
जल उठे दीप हर एक प्राण में,मन में,
जल उठे दीप धरती का तिमिर मिटाने,
अपने रघुवर को घर की राह दिखाने,
दीपों से यूँ पावन प्रकाश आता था,
तारों का मन मालिन्य हुआ जाता था,
ये दीप किन्तु क्या सोच जले जाते हैं?
ये जला स्वयं को जाने क्या पाते हैं?
वे जान रहे हैं जब ये अनल मिटेगी,
अगले ही पल उनकी ये ज्योति घटेगी,
पर जले कि उनका स्वत्त्व भले मिट जाए,
क्षण मात्र मगर वो काम राम के आए,
दे दिया सभी कुछ गए भला क्या लेकर?
वे गए सीख की एक विरासत देकर,
ये सिखा गए जब हों विपरीत सितारे,
हम नहीं हारते, यदि न स्वयं से हारे,
अंतर में कितना ताप, हृदय में हाला,
परिचय हो लेकिन मात्र धधकती ज्वाला,
यह देह उसी मिट्टी से हमने पाई,
अंतर में है प्राणों की अग्नि समाई ,
जीवन का अमृत हमें मिला है कितना?
जब तक यह अनल शेष है केवल उतना ।
मिट्टी, मिट्टी से अलग कहां जाएगी?
इक रोज ज्योति में ज्योति सिमट जाएगी ।
इससे पहले ये दीपशिखा खो जाए,
ये कथा अंत पर पहुँच पूर्ण हो जाए,
हम अपने संकल्पों के संग जल पायें,
परिपाटी पर उन दीपों की चल पायें,
इस दीवाली बस यही कामना मेरी ,
हे राम ! दीप सी रहे साधना मेरी !
© Swarika Kirti
रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।1 टिप्पणियाँ
सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ
Comments बंद हैं।





















सुंदर गीत हुआ है बेटा