कवितासामान्य

स्त्रियां

📅 November 1, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 22 views 💬 1 comments

वो गहनों, कपड़ों के संग, दो चार किताबें लाई थी,
भूल गई है बक्सों में रख, कहीं किसी तहखाने में ।

उसको इतना वक्त कहां था, अपने सपने देखे वो,
उसने खुद के ख्वाब जलाए, चूल्हे रोज जलाने में ।

समझौता कर लेती वो भी, बातें झूठी होती तो,
उसकी जंग रही है केवल , सच को सच मनवाने में ।

साथ बैठते कभी अगर तुम, तो तुमने देखा होता
उसका हाथ जला था उस दिन, खाना गर्म खिलाने में ।

खुल कर लड़ लेती वो भी, दुश्मन बाहर के होते तो,
उसकी सारी शक्ति लगी है, अपनों को समझाने में ।

मिलते अवसर उसे अगर भूगोल बदल सकती थी वो,
जिसकी सारी उम्र चली गई रोटी गोल बनाने में ।

मृत्यु से लड़ नियति-पत्र पर, लिखती जो नित नवजीवन,
उसको कितना वक्त लगा है, खुद को लिखने गाने में ।

Swarika Kirti

© All rights reserved. Please do not copy or reproduce without permission.

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 1
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

1 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

Comments बंद हैं।