कवितासामान्य

समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं

📅 September 22, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 33 views 💬 2 comments

समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं

अमावस की अंधेरी-सी निराशा में,
दीप-सी आशा कोई जब झिलमिलाये।
समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं।।
घने काले मेघ-सी विपदा घड़ी में,
साथ कोई जन कुसुम-सा खिलखिलाये।
समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं।।1।।

एक जैसी स्थिति किसी की नहीं रहती,
घूमते पहिए-सी गति सुख-दु:ख की रहती।
आज जो है दु:खी, उसे कल सुख मिलेगा,
जो सुखी है उसे भी तो दु:ख मिलेगा।।
अगर मन सुख में न दु:ख में तिलमिलाए।
समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं।।2।।

समय की गति का असर हर देह पर है,
हर हृदय में रोग-पीड़ाओं का डर है।
जो कभी थी बस्तियां अब खण्डहर हैं।
प्रभावित इस काल से सब चराचर हैं।।
समय परिवर्तन से मन यदि न घबराए।
समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं।।3।।

 

बड़े अरमानों से पहले बना था घर,
पर समय के फेर में हो गया जर्जर।
बदलते हैं घटी-पल बदलता प्रहर है,
बदल लेता मनुज अपना जीर्ण घर है।।
छूट जाने पर मकान मन मुस्कराए।
समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं।।4।।

अमावस की अंधेरी-सी निराशा में,
दीप-सी आशा कोई जब झिलमिलाये।
समझ लेना कृपा ईश्वर कर रहे हैं।।

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 2
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

2 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

  1. Swadha Ravindra

    ईश्वर हर क्षण हमारे साथ हैं और हमारे ऊपर अपनी करुणा बरसा रहे हैं। बस हम लोग ही नादान हैं जो उनकी कृपा को देख नहीं पाते। सुन्दर रचना 🙏।

Comments बंद हैं।