कहानीसामान्य

व्योमबाला

📅 November 7, 2026 ⏱ 8 मिनट ◉ 12 views 💬 1 comments

व्योमबाला
-प्रो.जीतराम भट्ट
मुझे पीएच.डी. का वायवा लेने भोपाल जाना था। दिल्ली एयरपोर्ट से एयर इण्डिया के विमाान की बुकिंग थी। सीट मिली विमान के मध्य में खिड़की की ओर ‘एफ’ दर्जे की।
कैबिन में अपना सामान रख कर मैं अपनी सीट पर बैठ गया। एयर इण्डिया की व्योमबालाएं अपने दायित्व को निभा रही थी। थोड़ी ही देर में एक बालक व एक आदमी आये और बालक ‘ई’ पर तथा आदमी ‘डी’ सीट पर बैठ गये। मैंने अन्दाजा लगाया कि दोनों पिता-पुत्र होंगे। मैं बालक की ओर देख कर थोड़ा मुस्कराया, किन्तु भावहीन चेहरे के साथ बालक का कोई जवाब नहीं मिला तो मैं खिड़की से बाहर देखने लग गया। मेरा पड़ौसी आदमी सीट पर बैठा ही था कि उसने आवाज लगाई ‘एयर होस्टेस!’ मैंने उस तरफ देखा और तभी एक एयर होस्टेस आयी और पूछा तो उसने अपना हैण्डबैग कैबिन में रखने के लिए कहा। मुझे कुछ आश्चर्य हुआ कि यह जवान आदमी है, बैठने से पहले यह खुद भी रख सकता था।’ अभी विमान में सीटिंग चल ही रही थी कि उसने फिर से आवाज लगायी ‘एयर होस्टेज!’ दूसरी एयर होस्टेज आयी तो उसने पानी मांगा। वह पानी की बोतल ले कर आयी। उसने रख दिया, पिया नहीं। मैंने सोचा कि जब पीना नहीं था तो इतनी जल्दी क्या थी। खैर विमान उड़ान के लिए तैयार था। पायलट का निर्देश आ चुका था। उस व्यक्ति ने एयर होस्टेस को बुलाने वाली कॉल लाईट ऑन की। एक एयर होस्टेस दौड़ कर आयी। उसने नैपकीन मांगा। वह तुरन्त नैपकीन ले आयी। मुझे उस आदमी के व्यवहार से कुछ-कुछ आश्चर्य होने लगा था।

           विमान उड़ान भर चुका था। अब हम आसमान में थे।सीटबेल्ट बांधने के संकेत थे। उसने फिर कॉल लाईट ऑन की और सामने से एयर होस्टेस को आता देख, अपना फोन नीचे गिरा दिया। एयर होस्टेस आयी तो उसने फोन देने के लिए कहा। एयर होस्टेस ने फोन उठा कर उसे दिया और उसके बच्चे की ओर बड़ी ममता भरी दृष्टि डाली। यह सब देख कर मेरा कौतूहल बढ़ता जा रहा था। सीटबेल्ड हटाने के निर्देश हो गये थे। वह आदमी उठा और शायद लघुशंका के लिए विमान के पीछे की ओर वाले शौचालय की ओर चला गया। वह बच्चा मेरे बगल वाली सीट पर बैठा था। तभी एक एयर होस्टेस दौड़ कर आयी और उस बच्चे से पूछने लगी ‘शौर्य बेटे! कैसे हो?’ बच्चे ने पीछे के शौचालय की ओर देखा और भावहीन चेहरे से कोई उत्तर नहीं दिया। फिर एयर होस्टेस ने पूछा ‘कुछ खायेगा?’ अबकी बार भी बच्चे ने फिर पीछे देखा और केवल ‘नो’ में जवाब दिया। फिर भी एयर होस्टेस ने एक चॉकलेट उसके हाथ पर जबर्दस्ती रख दी। बच्चे ने पहले तो ‘नो नो’ किया, फिर चॉकलेट के लालच में उसे तुरन्त ले कर पैण्ट की जेब में डाल दिया। अब मेरा कौतूहल चरम पर था। एयर होस्टेस वापस गयी तो मैंने बच्चे से बड़े प्यार से पूछा कि ‘ये कौन थी?’ बच्चे ने कोई जवाब नहीं दिया। फिर मैंने भेद वाली नीति अपनायी कि ‘इसने केवल तुम्हें ही चॉकलेट क्यों दी?’ अब बच्चे को लगा कि कहीं मैं उसके पिता जी को न बता दूं तो बोला ‘अंकल! ये मेरी मम्मी थी, अब नहीं है।’ मुझे आश्चर्य हुआ कि जीती-जागती मम्मी ‘थी’ में कैसे हो सकती है? मैं आगे पूछने ही वाला था कि तभी वह आदमी शौचालय से लौट कर आ गया और मैं भी खिड़की से बाहर देखने लग गया।
बाहर आसमान में संध्याकालीन सूर्य की लालिमा बिखरी हुई थी। बच्चा भी बड़े कौतूहल से बाहर देख रहा था। मैंने बच्चे से पूछा कि ‘खिड़की की तरफ बैठना चाहोगे?’ बच्चे ने अपने पिता जी की ओर देख कर पूछा। उस आदमी ने मुझे थैंक्यू कहा और बच्चे को आज्ञा दे दी। बच्चा खिड़की की ओर बैठ गया। मैं ‘ई’ वाली सीट पर आ गया। मेरे मन में जिज्ञासा की लहरें उठी हुई थी। पर कैसे शान्त करूं। मुझे धर्मराज युधिष्ठिर याद आये और ‘नरो वा कुंजरो वा……’ का आश्रय लेते हुए मैंने उस आदमी से पूछा कि ‘आपको कई बार कोर्ट में देखा है।’ तो उसने पूछा कि ‘आप एडवोकेट हैं?’ मैं प्राय सफेद शर्ट और काली पैण्ट ही पहनता हूं। उस दिन भी वही वेश था। मैंने स्वीकृति में शिर हिला दिया। अब उसकी दृष्टि मेरे लिए बदल गयी थी। पूछने लगा कि ‘शादी के दस वर्ष बाद भी क्या दहेज का सामान वापस करना जरूरी है?’ मैंने पूछा कि ‘क्या हुआ था?’ उसने कहा कि ‘मैं एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हूं। मैंने दस साल पहले एक एयर होस्टेस से लव मैरिज की थी। हम गुड़गांव में रहते हैं। दो साल बाद हमारा एक लड़का हो गया।’ मैंने खिड़की से बाहर देखते हुए बालक की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ‘यही है?’ उसने कहा कि ‘हां।’ मैंने पूछा कि ‘फिर क्या हुआ?’ वह बोला ‘पत्नी को मैटरनिटी लीव थी और मैं वर्क फ्रॉम होम पर था। इसलिए सब ठीक चल रहा था। पत्नी ने बीच में वापस एयर लाईन जॉइन कर दी। बच्चा दो साल का हो चुका था। मैं घर पर था। मुझे अपना काम भी देखना होता था। पत्नी की ड्यूटी देर रात को भी होती थी। मैंने पत्नी को कहा कि छुट्टी ले लो तो उसने कहा कि एयर लाईन्स प्राइवेट हो गया है, अब इतनी छुट्टियां नहीं हैं।’ बोलते-बोलते उसके चेहरे का भाव बदलने लगे थे। वह गाली देते हुए बोला मैंने उसे अल्टीमैटम दे दिया कि ‘या तो बच्चा देख या फिर नौकरी कर।’ वह कहती थी कि ‘तुम घर पर हो तो सही और मैं भी घर आ ही जाती हूं। फिर क्यों छोडूं?’ दो साल और बीत गये। बच्चा स्कूल जाने लगा तो मैं और अधिक परेशान होने लगा।’ मैंने उस आदमी से पूछा कि ‘आपके पैरेण्ट्स साथ में नहीं रहते?’ उसने कहा कि ‘नहीं, उन्हीं से मिलने के लिए भोपाल जा रहा हूं।’
मैंने फिर पूछा कि ‘आगे क्या हुआ?’ तो वह बोला कि ‘जब वह नहीं मानी तो हम लोगों में झगड़ा होने लगा और इतना बढ़ गया कि एक दिन मैंने उसको घर छोड़ने के लिए कह दिया। वह चली गयी। मैंने निश्चय किया कि इससे डाइवोर्स ही लिया जाये और डाइवोर्स के लिए कानूनी प्रक्रिया प्रारम्भ की। इन चार सालों में बच्चा मेरे पास ही रहा, किन्तु कोर्ट के आदेश से प्रति सप्ताह पार्क में उसे बच्चे से मिलने दिया जाता था। आखिर चार साल के बाद मीडिएटर कोर्ट में लेना-देना कर के हमारा कल तलाक हो गया।’ मैंने कहा कि ‘आपने तो दिया ही दिया होगा। फिर लेना-देना कैसे हुआ?’ वह बोला कि ‘मैं बच्चे की कस्टडी पर अड़ा रहा, वह नहीं मान रही थी। मैंने उसकी मांग से अधिक उसे दे दिया और बच्चा ले लिया। पर वह कहती है कि मैं तुम पर अब डॉवरी का केस भी करूंगी। क्या अब हो सकता है?’ अब मैं क्या जवाब देता? मैं तो वकील हूं ही नहीं। मैंने टालते हुए कहा कि ‘आप मुझे मिलिएगा। पूरे केस की स्टडी कर के बताऊंगा।’ उसने फोन नम्बर मांगा और मैंने दे दिया।

          उसका बच्चा खिड़की से बाहर देखने में मस्त था। उस आदमी ने फिर ‘कॉल लाईट’ ऑन कर दी। अबके फिर एयर होस्टेस आयी। पहले उसने बच्चे की ओर देखा और फिर मेरी ओर। शायद खिड़की की सीट देने के लिए मन ही मन मेरा धन्यवाद कर रही होगी। ‘उस आदमी ने झिड़कते हुए कहा कि ‘जा पानी ले आ।’ मैंने उससे पूछा कि ‘यही है?’ वह गाली देते हुए बोला ‘यही है सा…….।’ मैंने कहा कि ‘यह भी संयोग है कि वह भी इसी विमान में है।’ मुंह पर कड़वाहट ले कर वह बोला ‘मैं तो इसकी छाया से भी नफरत करता हूं। मुझे पता होता तो दूसरी कर लेता। मगर इण्डिगो की फ्लाइट या तो बिल्कुल सुबह है या शाम के बाद की। बच्चे के साथ मैं चाहता था कि अंधेरा होने से पहले घर पहुंचूं।’ मुझे अहसास हो गया था कि इसके मन में उसके लिए बहुत नफरत है और बच्चा इसीलिए सहमा-सा है। मैं क्या बोलता। मौन हो कर सोचने लगा कि इस झगड़े में इस बच्चे का क्या दोष?

         वह पानी की बोतल ले कर आयी। इसके बाद पायलेट का निर्देश आ चुका था। विमान भोपाल के आसमान में था। सीटबेल्ट बांधने के संकेत थे। मैं कभी उस आदमी को तो कभी सामने दूर से अपने बच्चे को कनखियों से निहारती हुए एयरहोस्टेस को देख रहा था। विमान उतर गया था। दोनों ओर से निकासी थी। हम बीच में थे। सब अपना-अपना सामान ले कर खड़े हो गये। उस आदमी ने निश्चय किया कि वह पीछे की ओर से उतरेगा तो मैं भी उसके पीछे हो गया। पहले बच्चा, फिर वह और बाद में पीछे की ओर उतरने वाला अन्तिम व्यक्ति मैं था। आगे बढ़े तो हाथ जोड़े वही एयर होस्टेस खड़ी थी। उसने नमस्ते कहा। बच्चे को देख कर वह मुस्करायी, शायद बच्चा अपनी मां को देख कर मुस्कुराया होगा। किन्तु आदमी ने अवहेलना करते हुए गेट की ओर देखा। बच्चे और उस आदमी ने कोई जवाब नहीं दिया। मैंने हाथ जोड़ कर नमस्ते किया और सीढ़ियों से उतरने लगा। सीढ़ियां उतरने के बाद मेरी दृष्टि फिर विमान के गेट पर गयी तो देखा कि गेट से एकटक नजर से वह अपनी बेटे को देख रही थी। उसने मुझे पीछे देखते हुए देखा तो फिर हाथ जोड़ कर नमस्ते किया। मानों कह रही हो कि मेरे बेटे का ध्यान रखना। हमारी बस चल पड़ी और व्योमबाला जाती हुई बस को एकटक देख रही थी। विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस पंहुच कर मैं यही सोचता रहा कि आज का दौर है, चलो ठीक है, मानते हैं कि एक पत्नी ‘थी’ हो सकती है, किन्तु एक जीती-जागती जननी को ‘थी’ कैसे बोला जा सकता है? और एक हंसते-खेलते सुत को ‘था’ कैसे बोला जा सकता है? क्योंकि, सत्ताधीश के लिए भूमि और भूमि के लिए सत्ताधीश पूर्व हो सकते हैं; किन्तु, जन्मभूमि के लिए जातक और जातक के लिए जन्मभूमि कभी भी पूर्व नहीं हो सकते हैं।

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 1
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

1 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

Comments बंद हैं।