रचनासामान्य

वो सृजन – संकल्प हम दोहरा रहे हैं फिर दोबारा !

📅 November 5, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 7 views 💬 0 comments

शारदे ! यश और अपयश सब तुम्हारे हाथ देकर,
जो मिला तुमसे वही बस आज अपने साथ लेकर,

वो सृजन – संकल्प हम
दोहरा रहे हैं फिर दोबारा,
आज द्विगुणित हो गया है,
वो अटल निश्चय हमारा !

राह पर पहले-पहल जब थे बढ़ाए पाँव हमने,
शीश पर आँचल रखा, यूँ दी हमें थी छाँव तुमने,
था न कोई बोध क्या नियमों में,रीतों में लिखा है,
बस हृदय हमने निकाला, और गीतों में रखा है,

साथ कोई हो न हो पर,
हाथ सर पर है तुम्हारा !

हम किसी से क्या बताएँ गीत से अनुबंध क्या है?
प्राण ये कैसे कहेंगे श्वास से सम्बन्ध क्या है?
शब्द के हम साधकों का कौन तुम बिन ईश होगा?
और तुमसे बढ़ जगत में, कौन न्यायाधीश होगा?

पक्ष में जिसके रहो, वो,
हारकर भी कुछ न हारा !

देवता जब जब नियति में कुछ नए संग्राम देंगे,
हम तुम्हारी उँगलियों को और कसकर थाम लेंगे,
हो अँधेरों से निडर जलता रहा अविचल दीया है,
आँधियों को क्या पता उस दीप ने क्या व्रत लिया है,

जो सुकृत का दीप, वो ही
भाग्य का होता सितारा !

© Swarika Kirti

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 0
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।