गीतसामान्य

यक्ष! सुनो अब प्रश्न हमारे !

📅 November 4, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 20 views 💬 1 comments

तुमने पूछे प्रश्न युगों से ,

हमने ढूंढे उत्तर सारे ,

यक्ष ! सुनो अब प्रश्न हमारे !

 

वन वन भटक रही मानवता को कर्मों का रहा सहारा,

और भाग्य के जलाशयों पर एकमात्र अधिकार तुम्हारा ?

तृप्तिहीन इन तृष्णाओं ने,कभी बोध को जब उलझाया

ध्यान योग दर्शन से हमने, सारे प्रश्नों को सुलझाया ,

 

खोले भेद सृष्टि के हमने,

मन के संशय सभी विचारे !

 

तुम्ही बताओ नियति तुम्हारे निर्णय नहीं प्रश्नवाचक हैं?

कर्मों से मोती बांटे वो हाथ भाग्य से क्यों याचक है ?

क्यों जीवन के धर्मयुद्ध में,धर्मव्रती सब कुछ खोता है

धर्म अंत में जीतेगा , पर अंत ‘अंत’ भी तो होता है,

 

जीवन रण में बीत गया सब,

व्रथा स्वर्ग के द्वार तुम्हारे !

 

आशाओं की तृषा बुझेगी देकर कितनी और परीक्षा?

प्यास प्राण की मिट न जाए,करते करते कहीं प्रतीक्षा?

हम प्रस्तुत हैं कसौटियों पर जांचों परखो ज्ञान हमारा ,

किंतु चाह ही मर जाए तो देव व्यर्थ वरदान तुम्हारा,

 

किससे उत्तर मांगे अपने,

अनसुलझे ये प्रश्न बेचारे !

 

✍️ Swarika Kirti

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 1
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

1 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

Comments बंद हैं।