गीतसामान्य

मुझको प्यार न देना झुमके बाली सा

📅 September 16, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 26 views 💬 0 comments

लिख पाना तो लिखना अपने जीवन में,

किसी कहानी,कविता या कव्वाली सा,

मुझको प्यार न देना झुमके बाली सा !

 

रूप रंग की बातें मुझसे मत करना,

कितने पल मुट्ठी में रेत ठहरती है,

कितने दिन श्रृंगारों का ले अवलंबन,

मन के खालीपन पर देह संवरती है,

 

उजियारा घर की चौखट पर उतरेगा,

भाव हृदय का होने दो दीवाली सा !

मुझको प्यार न देना झुमके बाली सा !

 

 

कब तक नयनों का सम्मोहन चलता है?

सपनों में भी थोड़ी हिस्सेदारी हो,

नाम तुम्हारा है सोलह श्रृंगारों पर,

पर उसमें पहला मेरी खुद्दारी हो,

 

देवालय में मान मिलेगा कुछ पल पर,

कौन पुष्प को प्यार करेगा माली सा ?

मुझको प्यार न देना झुमके बाली सा !

 

 

पायल के बंधन प्यारे होते हैं पर,

बंधी उमंगे हों घुंघरू की रुनझुन में,

आंखों में काजल भी हो,आशाएं भी,

खनक ख्वाब की हो कंगन की खनखन में

 

इक हिस्सा मन नीले अंबर सा नीला,

इस आंगन की तुलसी की हरियाली सा ।

 

 

स्वरिका कीर्ति

 

मुझ

को प्यार न देना झुमके बाली सा !

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 0
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।