गीतसामान्य

प्रण हुआ पूरा कि वापस आ रहे हैं राम

📅 September 24, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 16 views 💬 1 comments

#गीत 🙏

हो गए हैं वर्ष चौदह पूर्ण , उत्सव का समय है,
दृष्टि राहों पर बिछी है, सृष्टि सारी राममय है,

आज शुभ संदेश आया है अवध के नाम ,
प्रण हुआ पूरा,
कि वापस आ रहे हैं राम !

‘आ रहे हैं राम !’ कोई स्वप्न है या कल्पना है ?
पूछकर माँ रो पड़ी क्या सत्य है जो भी सुना है ?
द्वार अपलक देखती सब आहटों को सुन रही है,
बावली सी उंगलियों पर वर्ष फिर-फिर गिन रही है,

प्रार्थनाओं को मिला उनका सुखद परिणाम ,
प्रण हुआ पूरा,
कि वापस आ रहे हैं राम !

एक मन जो ग्लानि के संताप से गलता रहा है,
द्वंद कैकेयी के अंतर में यही चलता रहा है,
जो मिला वरदान वो अभिशाप बनकर रह गया था,
हाय जीवन मात्र पश्चाताप बनकर रह गया था,

अब मिटे पीड़ा ,मिटे ये प्राण का संग्राम !
प्रण हुआ पूरा,
कि वापस आ रहे हैं राम !

दो नयन ऐसे वचन में थे बँधे रो भी न पाए,
पार सीमा के सदा ही मौन हो जातीं व्यथाएँ ,
धैर्य ने जिसके चरण छूकर नया उपमान पाया,
उर्मिला के त्याग ने है आज शुभ वरदान पाया,

पूर्ण हो अब ये प्रतीक्षा अनवरत, अविराम !
प्रण हुआ पूरा,
कि वापस आ रहे हैं राम !

©️ Swarika Kirti 🙏

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 1
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

1 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

  1. Swadha Ravindra

    बहुत सुन्दर गीत लिखा है बेटा , ऐसे ही लिखती रहो

Comments बंद हैं।