गीतसामान्य

गीत

📅 September 16, 2026 ⏱ 2 मिनट ◉ 35 views 💬 0 comments

नियति तुम्हारी निष्ठुरता पर हमने अश्रु बहाए हैं पर,

तुम्हें हमारे संकल्पों का बिल्कुल भी अनुमान नहीं है !

 

आँसू क्या हैं ? माना आँखें पल-दो पल नम हो जाती हैं,

मन निर्मल हो जाता है, आशाएंँ नवजीवन पाती हैं,

मेरे सारे स्वप्न मिटा, तुमने खुद पर अभिमान किया था,

तुम क्या जानो हमने किसके निर्णय का सम्मान किया था,

 

जो निर्धारित किया गया,

वो सब हमने स्वीकार किया है,

किन्तु हमारे ये समझौते, सपनों का अवसान नहीं है ।

 

चाहे राहें मुश्किल कर दो, चाहे दीप बुझा लो सारे,

हमें पराजित कर देने को,तुम कर लो सब यत्न तुम्हारे,

हमने श्रृंगारों से ज्यादा संघर्षों से प्यार किया है ,

हमें गर्व है, नहीं किसी ने कुछ हम पर उपकार किया है,

 

तुमको भी तो ज्ञात,

कि हमने अब तक जो भी कुछ पाया है,

वो कर्मों का अर्जित फल, अनुकंपा का वरदान नहीं है !

 

कभी कभी कुछ कहानियों में ऐसा भी कुछ हो जाता है,

मृगतृष्णा सी किसी चाह में अपना सब कुछ खो जाता है

तब इन खाली हाथों में, मन का संबल रखना आता है,

क्षमा ! भाग्य के देव ! हमें भी अपना कल लिखना आता है,

 

जिसने हमें लकीरें दी हैं,

उसने हाथ दिए हैं पहले ,

जीवन मात्र नक्षत्रों का निर्धारित-नियत विधान नहीं है !

 

© Swarika Kirti 🙏

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 0
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।