गीतसामान्य

आवरण प्रेम का अब चढ़ाओ नहीं

📅 September 16, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 46 views 💬 1 comments

गल चुकीं भाव की पांडुलिपियाँ सभी,

आवरण प्रेम का अब चढ़ाओ नहीं ।

जल चुकी वर्तिका तक प्रतीक्षा में अब,

आह उस दीप को अब जलाओ नहीं !

 

इक स्वयंमुग्ध सागर रहा चाहता,

उसके इंगित पे नदियों की धारा बहें,

स्वार्थमय ले प्रयोजन खड़े द्वार पर,

चाहते हो तुम्हे देवता हम कहें !

 

लौट जाओ! बहुत दूर हम जा चुके,

पाँव इस राह पर अब बढ़ाओ नहीं ।

 

इक परिधि पर धरा घूमती ही रही,

सूर्य को देखती एकटक दृष्टि से,

पूजती, अर्घ्य देती रही है उसे,

भाग्य में जो तपन है मिली सृष्टि से,

 

प्रेम जिसने किया,वो धरा सा जला,

दोष सूरज का कोई गिनाओ नहीं ।

 

स्वप्न का वो महल, सामने जल रहा,

कह रहे हो कि हम अल्पनाएँ रचें ,

भाव का इक मरुस्थल हुआ है हृदय,

शेष कैसे कोई कल्पनाएँ बचें ?

 

एक छल पर कहानी हुई खत्म सब,

तुम विवशता इसे अब बताओ नहीं ।

 

स्वरिका कीर्ति

 

 

©️ Swarika Kirti 🙏

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 1
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

1 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

  1. Swadha Ravindra

    waah waah waah

Comments बंद हैं।