पीड़ा से गीत बुने हमने

मुस्कानों के मधुगान नहीं,
अंतर के अश्रु चुने हमने,
पीड़ा से गीत बुने हमने !
यदि गाते केवल यशोगान,या शौर्य किसी समरांगण के,
अपराधी होते गीत मेरे ,विधवाओं के, शिशु क्रंदन के,
यदि गीत अटारी, कंगूरे, महलों की बस शोभा गाते,
नींवों की पीड़ा के सम्मुख,लज्जित होकर ये झुक जाते,
अनकही व्यथाओं को गाया,
अवहेलित मौन सुने हमने ,
पीड़ा से गीत बुने हमने !
जब लिखा प्रेम को गीतों में,केवल न उसे अभिसार लिखा
है लिखा विरह के तप जैसा, शुभ संकल्पित उपहार लिखा,
जब तक जलती है दीपशिखा,हैं गीत दीप के हिस्से में,
वर्तिका स्वयं जल शून्य हुई, हो गई उपेक्षित किस्से में,
वो हुई यज्ञ में समिधा सी,
उसके वो भाव गुने हमने ।
पीड़ा से गीत बुने हमने !
गीतों में बस सावन गाऊँ, तो पतझड़ प्रश्न उठाते हैं
बादल धरती को दे बारिश, कितने खाली हो जाते हैं
उस खालीपन का मान लिखा,सूरज के ढलने को गाया,
जो सब कुछ देकर रिक्त हुए, उनको गीतों में दोहराया,
शून्यता सहेजी, दुख गाए,
अनकहे अनसुने से हमने,
पीड़ा से गीत बुने हमने !
©️ Swarika Kirti ✍️
रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।1 टिप्पणियाँ
सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ
Comments बंद हैं।




















गीत अक्सर पीड़ाओं से ही जन्मते हैं , सधा हुआ गीत