गीतसामान्य

गीत अकिंचन रहे हमारे

📅 September 16, 2026 ⏱ 1 मिनट ◉ 50 views 💬 3 comments

 

गीतों में कुछ पत्र लिखे पर,

देव ! न पहुँचे द्वार तुम्हारे ,

गीत अकिंचन रहे हमारे !

 

बिखरे-बिखरे कुछ शब्दों से, कच्चा पक्का गीत बनाया,

कितनी बार पुकारा तुमको, हमने कितना तुम्हे मनाया,

किंतु दूर है देश तुम्हारा, भाव वहाँ तक पहुँच न पाए,

हाय अभागे गीत हमारे , लौट हमीं तक वापस आए,

 

कितना कुछ कहना था लेकिन,

कह न सके कुछ ये बेचारे,

गीत अकिंचन रहे हमारे !

 

मन के मरुथल पर भावों के,कितने अंकुर बोए होंगे,

लिखने वाले लिखते-लिखते, जाने कितना रोए होंगे,

किया आंकलन कितना पर हम समझ न पाए दोष हमारा

एक हमारे लिए रिक्त क्यों है करुणा का कोश तुम्हारा ?

 

राह तुम्हारी देख रहे बस,

नयन तुम्हे,बस तुम्हें निहारे,

गीत अकिंचन रहे हमारे !

 

देव ! हमारे भाग्य नहीं है , माना देश तुम्हारे आना,

हमको पूजा सा लगता है, तुमको इन गीतों में गाना,

जैसे शबरी ने रघुवर को, मीरा ने गिरधर को पाया,

वैसे ही गीतों ने हमको, हमने गीतों को अपनाया ,

 

मन की थकन जहाँ मिटती है

गीत हमारे वही सहारे !

गीत अकिंचन रहे हमारे !

 

स्वरिका कीर्ति

© Swarika Kirti

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 3
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।

3 टिप्पणियाँ

सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ

  1. Swadha Ravindra

    कितना प्यारा गीत

  2. Swadha Ravindra

    वाह वाह वाह

  3. Shankar Pande

    रचना बहुत अच्छी है।

Comments बंद हैं।