गीतसामान्य
फिर से तुमको प्यार लिखा है!

तुमसे जो भी मिला हमें, ‘वो सब हमको स्वीकार’, लिखा है !
हमने फिर से गीत लिखा है,
फिर से तुमको प्यार लिखा है !!
सोचा था इस बार लिखेंगे, टूटे बिखरे स्वप्न हमारे,
अनदेखा हर अश्रु लिखेंगे,मन के बोझ लिखेंगे सारे,
पूछेंगे ये प्रश्न, बताओ तुमसे हमने क्या पाया है?
हाय अपरिचित किन राहों पर,प्यार हमें लेकर आया है,
पर जाने क्या हुआ हृदय को,
गीत वही हर बार लिखा है !
कल मन को पीड़ा देती थी,उसको उसकी चाह अधूरी
जंगल जंगल ढूंढ रहा हो, जैसे मृग अपनी कस्तूरी,
कर जोड़े रेगिस्तानों से, विनती करती प्यास हमारी
आह ! अमावस की रातों से, पूनम जैसी आस हमारी
खुद को सौंपा था,तुमसे बस
वापस वो अधिकार लिखा है !
जब तक तुममें ढूंढ रहे थे,तब तक प्रेम न पाया हमने,
अंधियारों पर कब तक रोते? अपना दीप जलाया
हमने
जिस क्षण वापस खींच लिये हैं, हमने फैले हाथ हमारे
प्रेम सुबह की प्रथम किरण सा, उतरा है इस मन के द्वारे,
तृप्ति समर्पण में है इसकी,
एक यही बस सार लिखा है !
रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।2 टिप्पणियाँ
सभी पाठकों और रचनाकारों की सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ
Comments बंद हैं।




















बहुत ही प्यारा गीत। ऐसे ही लिखती रहो।
अद्भुत है तुम्हारा लेखन हर गीत मन में उतर जाता है