गीतसामान्य
हम फूलों के देश से आए

हम फूलों के देश से आए, पाकर देश निकाला,
हमको पतझड़ ने अपनाया, काँटो ने है पाला ।
तुमने हाथ छुड़ाया हमसे, है उपकार तुम्हारा,
हमने रुककर सोचा उस दिन,क्या जीता क्या हारा?
बरसों बरसों बीत गए थे, खुद को गले लगाए,
तुमसे छूटे, खुद में लौटे, हम बाहें फैलाए,
हम टूटे, बिखरे,संभले ,
फिर अपना होश संभाला !
वरदानों की चाह में हमको,अक्सर शाप मिले हैं,
जिनसे माँगी छाँव घड़ी भर , उनसे ताप मिले हैं।
जो कुछ जीवन से पाया, वो सब कुछ हमने साधा,
सुख का मान किया है दुख को भी आंचल में बाँधा।
हमने अपने पाँव का कांटा,
अपने हाथ निकाला।
हर शबरी के भाग्य न होता, है रघुवर का आना,
पर साधक की सिद्धि नहीं है,केवल वर को पाना।
पुष्प चढ़ाकर वेदी पर क्या हम वंचित होते हैं ?
देवों के संग,उसी सुरभि से अभिसिंचित होते हैं ।
दीप जला करते बिन माँगे ,
अपने लिए उजाला।
Swarika Kirti ✍️




















