गीतसामान्य

जाने किसकी ठौर रुकेगा मेरा भोला मन……

📅 September 16, 2026 ⏱ 2 मिनट ◉ 23 views 💬 0 comments
कौन हमारा अपना है यह कैसे पहचाने
हमको तो दुनिया में लगते सब ही अनजाने
अनजानों में खोज रहे हैं हम कुछ अपनापन
जाने किसकी ठौर रुकेगा मेरा भोला मन……
सूरज को देखा तो सूरज आग उगलता पाया
किंतु इसी के कारण छंटती अंधकार की माया
चंदा की शीतलता पर मन अक्सर मिट जाता है
किंतु बड़ा बैरी है याद पिया की दिलवाता है
धरती से अम्बर तक सब में है बेगानापन
जाने किसकी ठौर रुकेगा मेरा भोला मन……
सबके लिए पवन शीतल है, मेरी अगन बढ़ाती
जल की एक बिंदु भी मुझको ख़ुद में आज डुबाती
धरा भार सह लेती मेरा किंतु न मुझको भाए
बिरहन का तो मन करता है, छोड़ धाम यह जाए
ख़ुद को ढूंढ रही है , ख़ुद से ही अंजानपन
जाने किसकी ठौर रुकेगा मेरा भोला मन……
आस पास के लोग सभी मेरी खातिर मरते हैं
मेरी खुशियों की खातिर मंदिर मंदिर फिरते हैं
किंतु नहीं वे समझ रहे हैं मन की आस हमारे
पी के दर्शन की खातिर हम ख़ुद को ख़ुद ही हारे
बिना प्रेम के जीवन में अब केवल तीखापन
जाने किसकी ठौर रुकेगा मेरा भोला मन……
घर से भागी, मग में आई, मग से भाग कहा जाऊं
किसको कितना छोडूं कितना पकड़ूं समझ नहीं पाऊं
सबका अपना अपना दर्शन, मेरा दर्शन बस शिव हैं
स्वांसें शिव हैं,धड़कन शिव हैं,अंतस का कण कण शिव हैं
शिव को पाकर ही जाएगा मन का नीलापन
ॐ नम शिवाय नमः शिवाय
ॐ नम शिवाय नमः शिवाय
ॐ नम शिवाय नमः शिवाय

रचना पसंद आई? रचनाकार का उत्साह बढ़ाएँ

💬 Comment 0
Reward स्वैच्छिक है और राशि सीधे रचनाकार के QR पर भेजी जाती है; वेबसाइट भुगतान सत्यापित नहीं करती।