ग़ज़लसामान्य
तब्दील न कर

मेरे दिमाग़ को दही में तू तब्दील न कर,
बात छोटे में कह यूँ ही इसे तफ़सील न कर।
इश्क़ कर तो लिया है, पर इसे मुकाम न दे
इश्क़ हो जाएगा पूजा, इसे तकमील न कर।
तेरे कमरे में छुपा रखे हैं ख़त तेरे लिए
तू इन्हें ख़ुद ही पढ़, यूँ गैर को तहवील न कर।
मैं बहुत ख़ुश हूँ कच्चे मकान में अपने
तू मेरे गाँव को रख गाँव, तहसील न कर।
मेरा क़ातिल है वो, पर दिल में बसा है मेरे
तू मेरे वास्ते उसको सज़ा तामील न कर।
मैं उसूलों पे चला उसको भायी मन मर्जी
बस इतनी बात पे अब उसको यूँ ज़लील न कर।
क्यों ये कहते हो अपने कृष्ण को मैं गैर कहूँ
झूठ कहला के मेरे प्यार को अश्लील न कर।
मेरे हिस्से में लिखी ही थी जुदाई तुझसे
ख़ुद को तू दोष न दे, इतना भी अब फील न कर।
मैं स्वधा हूँ, मुझे आदर्शो पे चलने दे मेरे
मुझको गौरैया ही रहने दे, मुझे चील न कर।
स्वधा रविंद्र उत्कर्षिता




















